Noida : भारतीय सिंधु सभा (उत्तर प्रदेश), केपटाउन द्वारा चेटी छठ महोत्सव का आयोजन 22 मार्च, रविवार को केप क्लब 1 में किया गया। इस अवसर पर सिंधी समुदाय के लगभग 200 लोगों ने एकत्रित होकर अपने नव वर्ष की शुरुआत का जश्न मनाया और भगवान श्री झूलेलाल जी की पूजा अर्चना की।
इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम, संगीत, नृत्य और भजन के आयोजन के साथ-साथ सिंधी व्यंजनों के भंडारे का भी वितरण किया गया। ज्ञात हो कि चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीय तिथि को सिंध प्रांत के नसरपुर में सन 1007 में भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव के साथ सिंधी नववर्ष की शुरुआत होती है जिसे चेटी चंद के नाम से मनाया जाता है।
भारतीय सिंधु सभा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष श्री नरेश जोतवानी ने बताया कि चेटी चंद महोत्सव सिंधी समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण त्योहार है और इसे बड़े उत्साह और प्रेम के साथ मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से सिंधी समुदाय अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन केपटाउन निवासी और भारतीय सिंधु सभा उत्तर प्रदेश की महिला उपाध्यक्ष श्रीमती हीरल कवलानी ने किया।
इस अवसर पर केपटाउन एओए के अध्यक्ष श्री प्रवीण भारद्वाज, सचिव श्री कृष्णेंदु आदित्य, पूर्व अध्यक्ष श्री अरुण शर्मा पूर्व उपाध्यक्ष श्री महेश यादव और डॉक्टर विनीत गुप्ता ने सिंधी समाज के सभी लोगों को चेटी चंद पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
