नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 15 जून से दौड़ेंगी ई-बसें, जेवर एयरपोर्ट तक मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के लोगों को जल्द ही बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने जा रही है। 15 जून से ई-सिटी बस सेवा की शुरुआत होने जा रही है, जिससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, जेवर एयरपोर्ट, गाजियाबाद और दिल्ली तक यात्रा करना आसान हो जाएगा।

इस परियोजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से करेंगे। पहले चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतरेंगी, जबकि पूरी योजना के तहत कुल 510 ई-बसों का संचालन किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से करीब 10 लाख लोगों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। बसें हर 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी और प्रत्येक बस प्रतिदिन लगभग 200 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

ई-बसों का संचालन नोएडा सेक्टर-90 स्थित डिपो से किया जाएगा, जहां चार्जिंग स्टेशन, सर्विस सेंटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। पहले चरण में 100 सामान्य इलेक्ट्रिक बसों के साथ 10 डबल डेकर बसें भी चलाई जाएंगी।

प्रमुख रूट

  • बॉटनिकल गार्डन – सेक्टर 51 – गौर चौक – एक मूर्ति
  • बॉटनिकल गार्डन – परी चौक – जेवर एयरपोर्ट
  • बॉटनिकल गार्डन – सेक्टर 62 – सूरजपुर कोर्ट
  • बॉटनिकल गार्डन – सेक्टर 75, 76, 77, 101

इसके अलावा बस सेवा दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार और गाजियाबाद तक भी उपलब्ध होगी।

यात्रियों के लिए किराया ₹10 से ₹30 के बीच निर्धारित किया गया है, जिससे यह सेवा किफायती और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प साबित होगी।

Subscribe

Related Articles